
नागपुर: नागपुर जिले के सावनेर थाना क्षेत्र से एक बड़े सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। यहाँ धापेवाड़ा के पास एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ सकते थे, लेकिन गनीमत यह रही कि एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। राहत की सबसे बड़ी बात यह है कि कार में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है।
सावनेर से कळमेश्वर जा रही थी कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार (रजिस्ट्रेशन नंबर: MH-48-CK-1083) सावनेर से कळमेश्वर की ओर जा रही थी। इसी दौरान धापेवाड़ा इलाके के पास अचानक चालक का वाहन पर से नियंत्रण बिगड़ गया। रफ्तार तेज होने के कारण कार सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। हादसे को देखकर सड़क से गुजरने वाले राहगीर भी सहम गए।
सामाजिक कार्यकर्ता हितेश बनसोड और सावनेर पुलिस ने संभाला मोर्चा
तत्परता की मिसाल: घटना के तुरंत बाद स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता हितेश बनसोड ने बिना वक्त गंवाए सावनेर पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही सावनेर पुलिस थाने की पुलिस निरीक्षक ऋतुजा जाधव के मार्गदर्शन में एक पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना देरी किए क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को संभाला और सड़क पर लग रहे जाम को हटवाकर यातायात को सुचारु रूप से बहाल किया।
