नागपुर में अवैध शराब माफिया पर बड़ा एक्शन: क्राइम ब्रांच का हिंगणा में छापा, 5.75 लाख का मुद्देमाल मौके पर ही किया नष्ट!

नागपुर: नागपुर शहर की क्राइम ब्रांच यूनिट-01 और हिंगणा पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने मोह फूल से बनाई जा रही हाथभट्टी शराब के एक बड़े अड्डे पर छापा मारकर लाखों रुपये की अवैध शराब निर्माण सामग्री और सड़वा (कच्चा माल) को मौके पर ही नष्ट कर दिया है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल

मिली जानकारी के अनुसार, नागपुर के हिंगणा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मौजा कानोलीबारा डोंगरगांव स्थित एक खेत में अवैध रूप से मोह फूल की हाथभट्टी शराब तैयार किए जाने की गुप्त सूचना क्राइम ब्रांच को मिली थी। सूचना की पुष्टि होते ही क्राइम ब्रांच यूनिट-01 और हिंगणा पुलिस ने मिलकर एक विशेष टीम बनाई और इलाके में छापेमारी की।

पुलिस को देखते ही फरार हुआ आरोपी

जब पुलिस टीम ने बताए गए खेत पर अचानक छापा मारा, तो वहां आरोपी प्रशांत अशोक सोमनकर खुद अपने खेत में बड़े पैमाने पर हाथभट्टी शराब बनाते हुए रंगे हाथों दिखाई दिया। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही आरोपी झाड़ियों और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

56 हजार लीटर सड़वा और ड्रम किए गए नष्ट

पुलिस ने पंचों की उपस्थिति में जब पूरे परिसर और खेत की बारीकी से तलाशी ली, तो वहां भारी मात्रा में शराब बनाने का सामान बरामद हुआ। पुलिस को मौके से:

  • 28 लोहे के ड्रम (जिसमें लगभग 56 हजार लीटर मोह फूल का सड़वा भरा हुआ था)
  • 30 लीटर तैयार हाथभट्टी शराब
  • दो बड़े जर्मन घमेले और 100 किलो गुड़ बरामद हुआ।

जब्त किए गए इस पूरे मुद्देमाल की कुल कीमत लगभग 5 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है।

दोबारा इस्तेमाल न हो, इसलिए मौके पर ही की तोड़फोड़

इतनी भारी मात्रा में मिले सड़वा और कच्ची शराब को पुलिस ने नियमानुसार और सुरक्षा के लिहाज से मौके पर ही बहाकर नष्ट कर दिया। इसके अलावा, शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले लोहे के ड्रमों को भी पुलिस ने इस तरह से कटर और भारी औजारों से नष्ट किया ताकि उनका दोबारा कभी उपयोग न किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!