मुफ्ती सलमान अजहरी के नागपुर दौरे का विरोध; भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रवक्ता ने पालक मंत्री को सौंपा पत्र, शांति भंग होने की जताई आशंका

नागपुर:

मुंबई के प्रसिद्ध मुस्लिम धर्मगुरु और वक्ता मुफ्ती सलमान अजहरी के आगामी नागपुर दौरे को लेकर विवाद शुरू हो गया है। आगामी 16 जुलाई 2026 को नागपुर में होने वाले उनके एक कार्यक्रम का विरोध करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अल्पसंख्यक मोर्चा के नागपुर महानगर प्रवक्ता अंसार अली ने एक आधिकारिक शिकायत पत्र सौंपा है। यह पत्र नागपुर के पालक मंत्री कार्यालय में आयोजित ‘जनता दरबार’ के दौरान प्रस्तुत किया गया।

भड़काऊ बयानों और पुराने मामलों का दिया हवाला

​पालक मंत्री को सौंपे गए पत्र में अंसार अली ने मुफ्ती सलमान अजहरी के पुराने विवादों का उल्लेख किया है। पत्र में कहा गया है कि साल 2024 में गुजरात में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ मुफ्ती सलमान अजहरी ने सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं, जिसके बाद गुजरात एटीएस (ATS) द्वारा उन पर कानूनी कार्रवाई भी की गई थी।

​शिकायतकर्ता का कहना है कि एक धार्मिक प्रचारक होने के नाते उन्हें केवल धर्म पर बात करनी चाहिए, लेकिन वे अक्सर राजनीतिक क्षेत्रों या चुनिंदा संगठनों को निशाना बनाते हैं, जो आम जनता और समाज के हित में नहीं है।

नागपुर की शांति भंग होने की आशंका

​अंसार अली ने प्रशासन और सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि 16 जुलाई को नागपुर में होने वाले कार्यक्रम में अगर मुफ्ती सलमान अजहरी दोबारा इसी तरह का कोई सार्वजनिक बयान देते हैं, तो इससे नागपुर शहर की कानून-व्यवस्था और शांति व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो सकती है।

शिकायत पत्र में लिखा गया है:

“मैं भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता और अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रवक्ता होने के नाते प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित कर रहा हूँ। समाज में द्वेष न फैले और शहर का अमन-चैन बरकरार रहे, इसके लिए प्रशासन उचित कदम उठाए और आवश्यक निर्देश जारी करे।”

​इस मामले में अब यह देखना बेहद अहम होगा कि नागपुर पुलिस और स्थानीय प्रशासन 16 जुलाई को होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर क्या सुरक्षा कदम उठाता है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्या गाइडलाइंस जारी की जाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!