कतिया समाज भवन के लिए मुख्यमंत्री सचिवालय में गूंजी मांग, सौंपा आवेदन

12 जून 2026 | मोहन नागेश्‍वर
नागपुर: वर्षों से अपनी मूलभूत सामाजिक आवश्यकताओं के लिए संघर्ष कर रहे कतिया समाज ने अपनी सबसे महत्वपूर्ण और पुरानी मांग को लेकर मुख्यमंत्री सचिवालय का रुख किया। समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री सचिवालय में माननीय श्रीमती आशा पठान के समक्ष आवेदन सौंपकर कतिया समाज भवन के निर्माण हेतु शासकीय भूमि एवं आवश्यक निधि उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने सरकार की विकास नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि बड़े-बड़े मॉल, मल्टीप्लेक्स और आलीशान इमारतों का निर्माण तो तेजी से हो रहा है, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर और पिछड़े समाजों की मूलभूत सामाजिक आवश्यकताओं की लगातार उपेक्षा की जा रही है। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि कतिया समाज लंबे समय से समाज भवन की मांग कर रहा है, लेकिन आज तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
कतिया समाज का इतिहास समृद्ध और गौरवशाली रहा है। पारंपरिक रूप से यह समाज बुनकरी (कपड़ा बुनने) और कृषि कार्यों से जुड़ा रहा है। अपनी मेहनत, सादगी और सामाजिक मूल्यों के लिए पहचाने जाने वाले इस समाज की बड़ी आबादी विदर्भ सहित महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों तथा मध्य प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में निवास करती है।
समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था का प्रमुख केंद्र पचमढ़ी स्थित बड़ा महादेव तथा परम पूज्य संत भूरा भगत हैं। प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु इन पवित्र स्थलों पर दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ये आस्था केंद्र समाज की सांस्कृतिक एकता और परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कतिया समाज ने महाराष्ट्र के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कृषि, कुटीर उद्योग और श्रम क्षेत्र में समाज के लोगों ने अपनी मेहनत से राज्य की प्रगति में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है।
समाज के पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि कतिया समाज शांतिप्रिय, अनुशासित और कानून का सम्मान करने वाला समाज है। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद समाज के युवा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहे हैं और मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रयासरत हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि समाज का एक बड़ा वर्ग आज भी आर्थिक रूप से कमजोर है। ऐसे में विवाह, सामाजिक कार्यक्रमों और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए निजी हॉल या लॉन का खर्च उठाना अधिकांश परिवारों के लिए संभव नहीं है। इसी कारण समाज भवन की मांग लंबे समय से की जा रही है, ताकि समाज के गरीब और जरूरतमंद परिवारों को राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री सचिवालय में आवेदन सौंपते समय समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी श्री शिवप्रसाद गोहिया, श्री उमेश नागवंशी, श्री खोरेन्द्र सोनिक, श्री नरेंद्र नागोते तथा श्री भीषण ब्रह्मे उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री से इस विषय पर तत्काल संज्ञान लेकर कतिया समाज भवन के लिए भूमि एवं निधि आवंटित करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!